झील पर तैरते गांव में कुछ घंटे
दक्षिण-पूर्व एशिया के देश कंबोडिया में टोनले सैप नामक जिस झील के किनारे सीएम रीप शहर बसा है , वो दक्षिण-पूर्व एशिया की ताज़े पानी की सबसे बड़ी झील है। शहर से 12 किलोमीटर दूर मौजूद यह झील अपने तैरते गांवों की वजह से विदेशी सैलानियों के लिए एक बड़ा आकर्षण है। अंकोर वाट मंदिरों के देश कंबोडिया में कदम रखे मुझे दो दिन गए थे और इस दौरान मैं राजधानी नोम पेन के तकरीबन सभी ख़ास हिस्सों से जान-पहचान बना चुका था। अंकोर वाट के लिए मुझे सीएम रीप जाना था , जो नोम पेन के उत्तर-पश्चिम में छह घंटे की दूरी पर है। जिस कंबोडिया को मैंने तस्वीरों में देखा था उसकी थोड़ी-बहुत झलक तो नोम पेन के बाहरी हिस्सों में नज़र आई , लेकिन वो छवि पूरी तरह से साकार नहीं हुई जिसमें पानी से भरे धान के खेत थे , खेतों में तिनकों से बना चौड़ा टोप पहने मेहनत करते किसान थे और खंभों पर टिके लकड़ी के मकान थे जिनमें सीढ़ी के ज़रिये दाखिल होना पड़ता है। तीसरे दिन सीएम रीप के लिए सुबह-सवेरे बस पकड़ी तो सोचा नहीं था कि वहां जाकर मैं हज़ार साल पुराने हिंदू मंदिरों के अलावा कुछ ऐसा भी देखूंगा जिसके बारे में किसी ट...